@री डिस्कवर इंडिया न्यूज इंदौर
इंदौर के भविष्य और विकास के नए दौर पर ‘द अर्बन डायलॉग’ का ऐतिहासिक मंथन: NAREDCO नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल का भव्य आयोजन आज रात 8 बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में।

दिग्गज हस्तियों का होगा जमावड़ा; रियल एस्टेट की चुनौतियों और शहरी विकास के विजन पर होगा मंथन
इंदौर – देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के विकास को नई ऊंचाइयां देने और रियल एस्टेट क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए आज नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (NAREDCO) मध्य प्रदेश द्वारा एक विशेष कार्यक्रम ‘द अर्बन डायलॉग’ का आयोजन किया जा रहा है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 8 बजे से आयोजित होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम में शासन और उद्योग जगत के बड़े नाम एक मंच पर नजर आएंगे।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट जन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरेडको नेशनल के चेयरमैन और हिरानंदानी ग्रुप के प्रमुख डॉ. निरंजन हिरानंदानी शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय सांसद श्री शंकर लालवानी और इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव उपस्थित रहकर शहर के शहरी नियोजन पर अपने विचार साझा करेंगे।
उद्योग और सरकार के बीच सेतु
‘द अर्बन डायलॉग’ का प्राथमिक उद्देश्य रियल एस्टेट उद्योग और सरकार के बीच एक सीधा संवाद स्थापित करना है। आयोजन के दौरान रणनीतिक संवाद, पॉलिसी डायलॉग और बढ़ते इंदौर के लिए भविष्य की नीतियों पर गहन विचार-मंथन किया जाएगा।
नरेडको NARDECO मध्य प्रदेश के अध्यक्ष विवेक दमानी (वाइब्रेंट ग्रुप) के नेतृत्व में नरेडको मध्य प्रदेश ने राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र के मानकीकरण और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उनका विजन इंदौर को आधुनिक और व्यवस्थित शहरी विकास के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करना है। मानद सचिव डॉ. एस.एन. मंत्री (लाभम ग्रुप) ने बताया कि यह आयोजन इंदौर के रियल एस्टेट परिदृश्य को वैश्विक मानकों के अनुरूप ढालने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
NAREDCO (नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल)
भारत में रियल एस्टेट क्षेत्र का यह एक प्रमुख स्वायत्त निकाय (Autonomous Body) है, जो आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तत्वावधान में कार्य करता है। यह संगठन सरकार और रियल एस्टेट उद्योग (डेवलपर्स व बिल्डर्स) के बीच एक मजबूत कड़ी की तरह काम करता है, जिससे दोनों पक्षों के बीच संवाद सुगम होता है।
यह निकाय सरकार को रियल एस्टेट से जुड़ी व्यवहारिक नीतियां बनाने में महत्वपूर्ण परामर्श देता है, ताकि देश में आवास की बढ़ती मांग और समस्याओं का प्रभावी समाधान निकाला जा सके।
इसका मुख्य उद्देश्य रियल एस्टेट सेक्टर के कार्य संचालन में सुधार करना और उद्योग में पारदर्शिता व जवाबदेही को बढ़ावा देना है । संगठन रियल एस्टेट के लिए उच्च मानक स्थापित करने का प्रयास करता है ताकि ग्राहकों का भरोसा बढ़े और रियल एस्टेट क्षेत्र का व्यवस्थित विकास हो सके।
अनुभवी और यंग अचीवर्स का सम्मान
इस अवसर पर रियल एस्टेट जगत में जीवनपर्यंत योगदान देने वाले वरिष्ठ दिग्गजों को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ से नवाजा जाएगा। सम्मानित होने वालों में शरद दोषी, भूपेश सांघवी (टीनू), मोहन चुघ और नरेन्द्र कंधारी शामिल हैं। वहीं, नई सोच के साथ क्षेत्र में बदलाव लाने वाले युवा उद्यमी अनुराग माहेश्वरी और विपुल अग्रवाल (SAA) को ‘यंग अचीवर्स फेलिसिटेशन’ प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन और आयोजन नरेडको (NAREDCO) मध्य प्रदेश की कोर टीम द्वारा किया जा रहा है जिसके –
अध्यक्ष : विवेक दमानी (वाइब्रेंट ग्रुप)
मानद सचिव : डॉ. एस.एन मंत्री (लाभम ग्रुप)
संयुक्त सचिव : संजय अग्रवाल (SAA, CASA) और निकेत मंगल (NM ग्रुप) है।
@प्रदीप मिश्रा री डिस्कवर इंडिया न्यूज इंदौर
